Water Palaces of Rajasthan: पानी के बीच तैरते नजर आते हैं राजस्थान के ये 3 शाही महल, खूबसूरती है बेमिसाल
Water Palaces of Rajasthan: राजस्थान अपनी खूबसूरत हवेलियों, किलों और महलों के लिए दुनियाभर में मशहूर है. यहां आपको कई ऐसी ऐतिहासिक इमारतें देखने को मिलेंगी, जो अपनी बनावट और खूबसूरती से लोगों का ध्यान खींचती हैं. खास बात यह है कि राजस्थान में कुछ महल ऐसे भी हैं, जो झीलों के बीच बने हुए हैं. इन्हें देखकर ऐसा लगता है जैसे ये पानी के ऊपर तैर रहे हों. जयपुर का जल महल हो या उदयपुर का लेक पैलेस और जग मंदिर, इनकी खूबसूरती और इतिहास पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. अगर आप राजस्थान घूमने का प्लान बना रहे हैं तो इन तीन खूबसूरत महलों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
जयपुर का जल महल (Jal Mahal) जयपुर का जल महल राजस्थान की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक है. यह मान सागर झील के बीचों-बीच बना हुआ है. दूर से देखने पर ऐसा लगता है जैसे महल पानी में तैर रहा हो. इसका निर्माण 18वीं शताब्दी में महाराजा माधो सिंह प्रथम ने करवाया था. बताया जाता है कि इसे राजा और उनके साथियों के शिकार के दौरान ठहरने के लिए बनवाया गया था.
जल महल की सबसे खास बात इसकी पांच मंजिला बनावट है. झील में पानी भरा होने पर इसकी चार मंजिलें पानी के अंदर डूबी रहती हैं और सिर्फ ऊपरी मंजिल दिखाई देती है. राजपूत और मुगल वास्तुकला का मेल इस महल को और खास बनाता है. यहां का नजारा खासकर सुबह और शाम के समय बेहद खूबसूरत दिखाई देता है.
उदयपुर का लेक पैलेस (Lake Palace) उदयपुर का लेक पैलेस दुनिया के मशहूर जल महलों में गिना जाता है. इसे पहले जग निवास के नाम से जाना जाता था. यह पिछोला झील के बीच एक छोटे से द्वीप पर बना हुआ है. सफेद संगमरमर से बने इस महल का निर्माण 1743 में महाराणा जगत सिंह द्वितीय ने करवाया था.
आज यह महल ताज लेक पैलेस नाम से एक लग्जरी होटल के रूप में जाना जाता है. यहां से अरावली की पहाड़ियों और उदयपुर शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. झील के शांत पानी के बीच बना सफेद महल इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देता है. इसकी शानदार बनावट और शाही अंदाज इसे पर्यटकों के बीच खास बनाते हैं.
उदयपुर का जग मंदिर (Jag Mandir) उदयपुर की पिछोला झील में बना जग मंदिर भी अपनी खूबसूरत वास्तुकला के लिए जाना जाता है. यह महल एक द्वीप पर बना है और इसे बनाने का काम 1551 में महाराणा अमर सिंह के शासनकाल में शुरू हुआ था. बाद में महाराणा जगत सिंह प्रथम के समय इसका निर्माण पूरा हुआ. यह महल कभी शाही परिवार के लिए गर्मियों में आराम करने की जगह हुआ करता था.
जग मंदिर में कई खूबसूरत इमारतें बनी हैं. इनमें गुल महल खास है. महल की नक्काशी, संगमरमर की बनावट और झील के बीच इसकी लोकेशन इसे बेहद आकर्षक बनाती है. यहां पहुंचने के लिए पर्यटक नाव की मदद लेते हैं. झील के बीच से महल को देखने का अनुभव भी काफी खास होता है.

