PNB में करोड़ों की FD का मामला गरमाया, किसानों ने बुलाई महापंचायत- VIDEO
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद किसानों में भारी आक्रोश है. किसानों का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने उनके खातों से रकम निकालने के साथ फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) भी तोड़ दी. कई किसानों की करीब 22 करोड़ रुपये की एफडी गायब होने का दावा किया जा रहा है. इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है.
सोमवार को बड़ी संख्या में किसान बैंक के बाहर पहुंचने लगे. किसानों ने बैंक के खिलाफ महापंचायत करने का ऐलान किया है. आक्रोशित किसानों ने बैंक में तालाबंदी करने की कोशिश भी की. हालांकि, मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाया और बैंक प्रबंधन से बातचीत कर मामले को सुलझाने के लिए समय मांगा.
'पैसा हमारा है, किसी के बाप का नहीं' बैंक के बाहर जुटे किसानों ने कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. किसानों का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई बैंक में सुरक्षित रखने के लिए जमा की थी. किसी ने बचत के पैसे खाते में रखे थे तो किसी ने भविष्य की जरूरतों के लिए एफडी कराई थी. अब करोड़ों रुपये की रकम गायब होने की जानकारी से किसान परेशान हैं.
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने दो टूक कहा कि उनका पैसा वापस मिलना चाहिए. उन्होंने बैंक प्रबंधन से जवाब मांगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
पुलिस के साथ CBI ने भी दर्ज किया मुकदमा इस कथित बैंक घोटाले की गंभीरता को देखते हुए नोएडा पुलिस के साथ सीबीआई ने भी मुकदमा दर्ज किया है. अब किसान इस पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं.
फिलहाल बैंक के बाहर किसानों का जुटना जारी है. पुलिस अधिकारी स्थिति को संभालने और बैंक प्रबंधन से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं. किसानों ने साफ कर दिया है कि वे इस मामले को लेकर महापंचायत करेंगे.
