'ये अफरातफरी फैलाना चाहते थे, ताकि मोदी को बदनाम कर सकें', विपक्ष पर PM का प्रहार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश में जब कोई संकट आता है, तो कुछ लोगों को खुशी होती है. ऐसे लोग देश को मुश्किल में देखना चाहते हैं. पीएम मोदी ने ईरान और खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जब पूरा भारत एकजुट होकर इसके असर का सामना कर रहा है, तब कुछ लोग अफवाह फैलाने में लगे हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने किसानों को डराया कि खाद नहीं मिलेगा और महिलाओं को डराया कि गैस की सप्लाई बंद हो जाएगी. उनकी मंशा देश में अफरातफरी फैलाने की थी, ताकि मोदी को बदनाम किया जा सके. पीएम ने किसी विपक्षी दल या नेता का नाम लिए बिना यह हमला बोला.\
पीएम मोदी ने कहा कि ईरान युद्ध का असर होने के बावजूद भारत एकजुट होकर हालात का सामना कर रहा है. युद्ध अभी भी जारी है, लेकिन सरकार ने किसानों को कोई तकलीफ नहीं होने दी. उन्होंने कहा कि किसानों को आज भी 300 रुपये में खाद दी जा रही है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का युवा विकसित भारत बनाना चाहता है, लेकिन दुर्भाग्य से कुछ लोगों को यह पसंद नहीं है. विकास के लिए किया जा रहा हर प्रयास भारत को विकसित बनाने के लिए है. उन्होंने कहा कि अनिश्चितता से भरी दुनिया में भारत का तेज विकास पूरी दुनिया देख रही है.
बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी किसानों के खातों में ट्रांसफर की. यह आयोजन पीएम किसान उत्सव दिवस के तहत किया गया.
पीएम मोदी ने विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास के बाद अपने संबोधन में यह भी कहा कि "बनासकांठा का आलू दुनिया में मशहूर है. कोई यहां आकर यह नहीं कह सकता कि मैं आलू से सोना बनाऊंगा. यहां के लोग यह पहले से जानते हैं."


