उमर सरकार की मुश्किलें बढ़ीं, रूहुल्लाह के इस्तीफे के बाद अब बागी विधायक मुबारक गुल कर सकते हैं बड़ा ऐलान
जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. रूहुल्लाह के इस्तीफे के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता और ईदगाह विधानसभा क्षेत्र से 6 बार के विधायक मुबारक गुल बुधवार को श्रीनगर में मीडिया को संबोधित करेंगे. मुबारक गुल इस दौरान अपने भविष्य को लेकर आगे की रणनीति का ऐलान कर सकते हैं.
मुबारक गुल को पार्टी के उन विधायकों में शामिल माना जा रहा है, जो हाल में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार से नाराज हैं. हालिया कैबिनेट फेरबदल में उन्हें मंत्री पद नहीं दिए जाने से वह नाराज बताए जा रहे हैं. उन्होंने मंत्री पद नहीं मिलने पर सार्वजनिक तौर पर अपनी निराशा भी जाहिर की थी.
मुबारक गुल ने हालिया कैबिनेट फेरबदल के बाद मंत्री पद नहीं मिलने पर अपनी नाराजगी जताई थी. इसके बाद उनके समर्थकों ने श्रीनगर में उमर अब्दुल्ला सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किए हैं. कैबिनेट फेरबदल के बाद से ही उनके समर्थक लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. अब मुबारक गुल ने बुधवार को श्रीनगर में मीडिया से बातचीत करने का फैसला किया है. माना जा रहा है कि इस दौरान वह अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं. हालांकि, वह क्या फैसला लेने वाले हैं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.
मुबारक गुल नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं. वह ईदगाह विधानसभा क्षेत्र से 6 बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में भी इसी सीट से विधायक हैं. ईदगाह विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर जिले में आता है.
मुबारक गुल जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर के तौर पर भी काम कर चुके हैं. ऐसे में उनके अगले कदम को नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर चल रही नाराजगी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. रूहुल्लाह के इस्तीफे के बाद अब मुबारक गुल के मीडिया संबोधन और उनके भविष्य के फैसले पर नजर रहेगी. उनके समर्थकों की ओर से पहले ही सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जा चुके हैं. ऐसे में उनके अगले कदम से जम्मू-कश्मीर की राजनीति में नेशनल कॉन्फ्रेंस के लिए नई चुनौती खड़ी हो सकती है.

