'ऑस्ट्रेलिया या साउथ अफ्रीका भेजो...', बाबर आजम पर भड़के मोहम्मद यूसुफ, बैटिंग टेक्निक पर दी ये बड़ी सलाह
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम की खराब फॉर्म को लेकर पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने बड़ी सलाह दी है. यूसुफ का मानना है कि बाबर को फिलहाल घरेलू क्रिकेट खेलने के बजाय ऑस्ट्रेलिया या साउथ अफ्रीका जाकर अपनी बल्लेबाजी की तकनीकी खामियों पर काम करना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि बिना सुधार के फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलने से बाबर का कॉन्फिडेंस और प्रभावित हो सकता है.
बाबर की बल्लेबाजी पर सवाल एक बार फिर श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में उठे. शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने खिताब तो जीत लिया, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए बाबर कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके.
मोहम्मद यूसुफ ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा- उन्हें साउथ अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया जाना चाहिए और फिलहाल सिर्फ अपनी बल्लेबाजी पर काम करना चाहिए. इससे उन्हें मदद मिलेगी.
यूसुफ ने 9 नवंबर से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले बाबर के घरेलू क्रिकेट खेलने के फैसले पर भी सवाल उठाए. बाबर 3 नवंबर से कायदे आजम ट्रॉफी में लाहौर की ओर से खेलने वाले हैं.
'चार साल पहले भी कहा था, किसी ने नहीं सुना' यूसुफ ने X पर अपनी पोस्ट में बाबर के लिए इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया की किसी एकेडमी में विशेषज्ञ कोचिंग लेने की वकालत की. उन्होंने लिखा- स्पेशलिस्ट कोचिंग की जरूरत है. घरेलू क्रिकेट में संघर्ष करने से उनका कॉन्फिडेंस और करियर प्रभावित हो सकता है. उन्हें इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया की किसी एकेडमी में भेजिए. वह अब भी पाकिस्तान के टॉप खिलाड़ी हैं. सही मार्गदर्शन और थोड़ी मेहनत से वह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट सकते हैं. मैंने चार साल पहले भी यह बात कही थी, लेकिन किसी ने नहीं सुना. कृपया अब तो सुनिए.
बाबर के करियर के लिहाज से यह सलाह काफी अहम है. 32 साल के इस बल्लेबाज ने पिछले तीन साल में वनडे क्रिकेट में सिर्फ एक शतक लगाया है, जबकि उनके नाम इस फॉर्मेट में कुल 20 शतक हैं. उन्हें पहले ही पाकिस्तान की टी20 इंटरनेशनल टीम से बाहर किया जा चुका है. वहीं, वनडे टीम में उनकी जगह को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
अगर बाबर को 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की टीम में जगह बनानी है, तो उन्हें अपनी फॉर्म में बड़ा सुधार करना होगा.
I don't think #BabarAzam should be playing first class cricket until he fixes his technical issues through specialized coaching. Struggling in domestic cricket could further harm his confidence and career. Send him to an academy in #England or #Australia. He is still Pakistan's top player, and with the right guidance and a little effort, he can return to his best. I said this four years ago, and nobody listened. Please listen now 🙏
बाबर की खराब फॉर्म पर बंटे पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी बाबर का खराब फॉर्म पाकिस्तान क्रिकेट में लगातार चर्चा का विषय है. 2018 से 2023 के बीच उन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट के टॉप बैटर्स में अपनी पहचान बनाई थी. हालांकि, 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी छोड़ने के बाद उनका प्रदर्शन पहले जैसा नहीं रहा.
पूर्व पाकिस्तानी कप्तान वकार यूनिस ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में बाबर का बचाव किया था. उनका कहना था कि बाबर की बदकिस्मती रही कि वह टीम के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज थे, लेकिन उन्हें अपने साथियों से जरूरी सहयोग नहीं मिला.
वहीं, रिटायर हो चुके ऑलराउंडर इमाद वसीम ने भी बाबर का सपोर्ट किया था. उन्होंने कहा था कि उन्होंने पाकिस्तान के किसी खिलाड़ी को मीडिया आलोचकों और सोशल मीडिया यूजर्स से इतनी आलोचना और नफरत का सामना करते नहीं देखा. अब पाकिस्तान के अगले टी20 इंटरनेशनल असाइनमेंट और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए बाबर पर वापसी का दबाव बढ़ता जा रहा है. उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती फिर से अपनी पुरानी बल्लेबाजी लय हासिल करने की है.


