खेत जोत रहे लोगों पर बरसाईं गोलियां, एक की मौत... हिस्ट्रीशीटर ने पत्नी-बेटे के साथ मिलकर किया कांड

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
पंजाब के अमृतसर देहाती इलाके के गांव गाजीवाल में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया. यहां खेत जोत रहे लोगों पर एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने परिवार के साथ मिलकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं. इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी युद्धवीर उर्फ ...

पंजाब के अमृतसर देहाती इलाके के गांव गाजीवाल में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया. यहां खेत जोत रहे लोगों पर एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने परिवार के साथ मिलकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं. इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी युद्धवीर उर्फ योद्धा, उसकी पत्नी और 16 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.

वारदात थाना ब्यास के अंतर्गत आने वाले गांव गाजीवाल में हुई. एसएसपी देहाती कंवलप्रीत सिंह चाहल के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है. मनजीत सिंह और दविंदर सिंह अपनी करीब ढाई से तीन किले जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे. इसी दौरान उनके रिश्तेदार युद्धवीर उर्फ योद्धा अपनी पत्नी जसकिरण कौर और करीब 16 वर्षीय बेटे अभिनूर सिंह के साथ वहां पहुंच गया.

यह भी पढ़ें: 11 पिस्टल, सवा 2 किलो हेरोइन... अमृतसर में ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

आरोप है कि तीनों ने बिना किसी बातचीत के खेत में मौजूद लोगों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. अचानक हुए इस हमले में मनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं, दविंदर सिंह पुत्र वसन सिंह निवासी लंगड़वाल को भी गोली लगी. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और फिलहाल हालत स्थिर बताई जा रही है.

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि मुख्य आरोपी युद्धवीर उर्फ योद्धा इलाके का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास यानी धारा 307 और आर्म्स एक्ट समेत 8 से 9 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह पुलिस को वांछित भी था.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस ढाई से तीन किले जमीन को लेकर विवाद हुआ, उसे पीड़ित पक्ष ने नियमानुसार खरीदा था. राजस्व रिकॉर्ड और कानूनी दस्तावेजों की जांच में जमीन पर मनजीत सिंह और दविंदर सिंह का अधिकार सही पाया गया है. इसके बावजूद आरोपी रिश्तेदारी का हवाला देकर उस पर जबरन अपना हक जता रहा था.

इसी विवाद के चलते आरोपी अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचा और कथित तौर पर फायरिंग कर दी. पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में युद्धवीर की पत्नी जसकिरण कौर की भी सक्रिय भूमिका थी. उसने हथियार और असलहा मुहैया कराने में मदद की थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया है.

आरोपियों की तलाशी के दौरान पुलिस ने चार हथियार बरामद किए हैं. इनमें एक ग्लॉक पिस्टल, दो 30 बोर पिस्टल और एक 12 बोर बंदूक शामिल है. इसके अलावा पिस्तौलों के 16 जिंदा राउंड और 12 बोर के 10 जिंदा कारतूस भी मिले हैं. इस तरह पुलिस ने कुल 26 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है. बरामद हथियारों और आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.

उन्होंने साफ किया कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Original Source
https://www.aajtak.in/india/punjab/story/amritsar-gajiwal-land-dispute-firing-history-sheeter-wife-minor-son-arrested-lclcn-strc-2685956-2026-11-01?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World