नीला ड्रम हत्याकांड वाले मकान का संगम जल से हुआ शुद्धिकरण, मंत्रोच्चार के साथ हुई पूजा

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में रविवार को आगरा से मीरा राठौर पहुंचीं. वह अखिल भारतीय हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष हैं. उन्होंने सौरभ के किराए के मकान का शुद्धिकरण किया. वह अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और संगम से लाए गए जल से घर के मुख्य दरवाजे को धोया. इसके बाद...

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में रविवार को आगरा से मीरा राठौर पहुंचीं. वह अखिल भारतीय हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष हैं. उन्होंने सौरभ के किराए के मकान का शुद्धिकरण किया. वह अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और संगम से लाए गए जल से घर के मुख्य दरवाजे को धोया. इसके बाद मंत्रोच्चारण के बीच नारियल फोड़ा, धूप-बत्ती जलाई और पूजा-अर्चना की.

मीरा राठौर ने कहा कि जिस घर में सौरभ की हत्या हुई थी, वहां उसकी आत्मा भटक रही है. उन्होंने माता रानी से उसकी आत्मा को शांति देने की प्रार्थना की. इस दौरान उन्होंने मुस्कान और साहिल को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग उठाई. उनका सवाल था कि दोनों आरोपियों को जेल में सरकारी मेहमान बनाकर क्यों रखा गया है.

यह भी पढ़ें: पति की 'कातिल' पत्नियां भी रखेंगी करवाचौथ का व्रत? मेरठ जेल में मुस्कान और रविता ने मंगवाई चूड़ी-बिंदी

उन्होंने कहा कि इस घटना को 18 महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई वाले बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में अब तक फांसी की सजा क्यों नहीं हुई.

मीरा राठौर ने कहा कि वह खुद मुस्कान को फांसी देना चाहती हैं. उनकी इच्छा है कि जिस दिन उसे फांसी दी जाए, उस समय सौरभ की मां रेणु देवी भी मौजूद रहें. उन्होंने कहा कि फांसी के फंदे की रस्सी का एक सिरा सौरभ की मां और दूसरा सिरा वह खुद खींचें. इसके लिए आने वाला खर्च भी वह उठाने को तैयार हैं. उन्होंने इस काम के लिए लोगों से अपील करने की बात कही.

उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्कान ने अपने पति सौरभ की बेरहमी से हत्या कर शव को नीले ड्रम में छिपा दिया था. इसके बाद वह सामान्य जिंदगी जीती रही और हत्या का आरोप अपने माता-पिता पर लगाने की कोशिश की. मीरा राठौर का कहना था कि ऐसी घटनाओं में सख्त सजा मिलने से ही अपराध करने वालों के मन में कानून का डर पैदा होगा.

उन्होंने कहा कि जिस दिन मुस्कान को फांसी होगी, उसी दिन सौरभ को वास्तविक न्याय मिलेगा. साथ ही उन्होंने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अपीलों का जल्द निस्तारण करने की मांग की. मीरा राठौर ने यह भी कहा कि यदि मुस्कान और रविता को मथुरा लाया जाता है तो वह वहां भी उनका शुद्धिकरण करेंगी.

इस दौरान मीरा राठौर ने सौरभ की बेटी पीहू को उसके नाना-नानी के बजाय दादा-दादी को सौंपने की मांग भी उठाई. उनका कहना था कि बच्ची को उसके दादा-दादी के पास रहना चाहिए. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सौरभ की मां रेणु देवी भी मौजूद रहीं. बेटे की हत्या को याद कर वह भावुक हो गईं.

रेणु देवी ने शासन-प्रशासन से मांग की कि मुस्कान और साहिल की अपीलों पर जल्द सुनवाई हो और दोषियों को शीघ्र सजा मिले. उन्होंने कहा कि मुस्कान के परिवार के लोगों को इस मामले से अलग कर दिया गया है, जबकि उन्हें लगता है कि वे भी इस पूरी घटना से जुड़े हुए हैं.

रेणु देवी ने बताया कि सौरभ का जो सामान वह लेकर आई थीं, उसे अभी तक घर के बाहर ही रखा हुआ है. उनका मन उस सामान को घर के अंदर रखने का भी नहीं हो रहा. बातचीत के दौरान वह रो पड़ीं. उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्कान और साहिल के परिवार आपस में मिले हुए हैं.

रेणु देवी ने रविवार को सौरभ की आत्मा की शांति के लिए व्रत भी रखा. उन्होंने कहा कि बेटे को खोने का दर्द जिंदगी भर खत्म नहीं होगा. परिवार अब भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है. उनकी मांग है कि आरोपियों की अपीलों पर जल्द फैसला हो, ताकि उन्हें न्याय मिल सके.

Original Source
https://www.aajtak.in/uttar-pradesh/story/meerut-neela-drum-hatyakand-meera-rathore-purification-muskan-death-penalty-lclcn-strc-2685829-2026-11-01?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World