वैशाली लूटकांड में 'गीदड़' सहित छह पकड़े गए... महुआ से पातेपुर तक चार वारदातों की कहानी आई सामने

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
बिहार के वैशाली में कुछ महीनों के भीतर लूट की कई वारदातें हुईं. कहीं कारोबारी से पैसे छीन लिए गए, कहीं बाइक लूट ली गई. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस के सामने एक सवाल था- क्या इन वारदातों के पीछे कोई एक ही गिरोह काम कर रहा है? अब वैशाली पुलिस ने छह लोगों को...

बिहार के वैशाली में कुछ महीनों के भीतर लूट की कई वारदातें हुईं. कहीं कारोबारी से पैसे छीन लिए गए, कहीं बाइक लूट ली गई. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस के सामने एक सवाल था- क्या इन वारदातों के पीछे कोई एक ही गिरोह काम कर रहा है? अब वैशाली पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में जितेंद्र कुमार उर्फ गीदड़ भी शामिल है. आरोप है कि इसी गिरोह ने जिले के अलग-अलग इलाकों में लूट की चार वारदातों को अंजाम दिया था. इन घटनाओं में करीब 2 लाख 82 हजार रुपये की लूट हुई थी.

पुलिस ने आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, एक बाइक और 8,650 रुपये बरामद किए हैं. इनमें लूटा गया मोबाइल भी शामिल है. दरअसल, वैशाली में अगस्त से लेकर 28 अक्टूबर तक लूट की चार घटनाएं हुईं. इन घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी. वारदातें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई थीं, लेकिन पुलिस को शक था कि इनके पीछे एक ही गिरोह हो सकता है.

इसी बीच 19 अक्टूबर को जंदाहा थाना क्षेत्र में लूट की एक और घटना हुई. इस मामले की जांच के लिए वैशाली के एसएसपी शुभांक मिश्रा ने स्पेशल टीम बनाई. टीम ने जांच शुरू की और छह लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने दूसरी लूट की घटनाओं की बात कबूल कर ली. इसके बाद महुआ, पातेपुर और राजापाकर में हुई वारदातों की कड़ियां भी इस गिरोह से जुड़ने लगीं.

पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर को महुआ थाना क्षेत्र में एक कारोबारी को निशाना बनाया गया. आरोप है कि बदमाश उससे डेढ़ लाख रुपये और बाइक लूटकर फरार हो गए. इसके अलावा पातेपुर थाना क्षेत्र में 80 हजार रुपये और राजापाकर में 52 हजार रुपये की लूट हुई थी. पुलिस का दावा है कि इन तीनों घटनाओं के साथ जंदाहा की वारदात में भी गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका सामने आई है. चारों घटनाओं में लूटी गई रकम का हिसाब करीब 2 लाख 82 हजार रुपये बैठता है.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, एक बाइक और 8,650 रुपये बरामद किए. पुलिस के मुताबिक, बरामद मोबाइल में एक फोन लूट की वारदात से जुड़ा हुआ है. वैशाली के एसएसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है. जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या ये छह लोग सिर्फ इन चार वारदातों में शामिल थे या इनके तार जिले की दूसरी घटनाओं से भी जुड़े हैं. फिलहाल पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. आगे की जांच जारी है. 

Original Source
https://www.aajtak.in/bihar/story/vaishali-robbery-case-six-arrested-including-geedar-four-loot-incidents-lcla-strc-2685432-2026-11-01?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World