एक ही घर में चार मौतों से दहला सोनीपत, मां ने तीन बच्चों संग की आत्महत्या
हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव मुडलाना में एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. 38 वर्षीय रीना और उसके तीन बच्चों के शव घर के अंदर मिले हैं. बच्चों की उम्र 11 साल, 7 साल और 4 साल थी. इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.
जानकारी के मुताबिक, रीना अपने तीनों बच्चों के साथ घर पर थी. उसका पति जयदीप सरकारी शिक्षक है और रोजाना की तरह ड्यूटी पर गया हुआ था. जब वह काम खत्म कर वापस घर लौटा तो पत्नी और बच्चों को मृत देखकर उसके होश उड़ गए.
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. सूचना मिलने पर सदर गोहाना थाना पुलिस भी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी.
पुलिस को इस मामले में दो पन्नों का एक सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें रीना ने अपनी मानसिक परेशानी का जिक्र किया है. नोट में पारिवारिक संपत्ति और गहनों को लेकर भी बातें लिखी गई हैं. रीना ने शादी में मिले गहनों को वापस लौटाने की बात कही है.
सुसाइड नोट में जमीन-जायदाद, अलग रहने और रिश्तेदारों को लेकर नाराजगी जाहिर की गई है. सबसे अहम बात यह है कि नोट में रीना ने अपने पति जयदीप को निर्दोष बताया है. उसने लिखा है कि इस मामले में उसके पति को परेशान न किया जाए.
सुसाइड नोट में लिखी बातों के आधार पर परिवार की परिस्थितियों और आपसी संबंधों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. हालांकि, नोट में दर्ज बातों को ही घटना की अंतिम वजह नहीं माना जा सकता. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
फिलहाल महिला और तीनों बच्चों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस की जांच और अन्य साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

