'रोकने की कई कोशिशें की गईं', दिल्ली कॉन्सर्ट के बाद बोले दिलजीत दोसांझ, शेयर किया वीडियो
दिलजीत दोसांझ ने कहा है कि उनके 'ऑरा टूर' (Aura Tour) को रोकने की कोशिशों के बावजूद, वह 20 दिसंबर तक भारत में ही रहेंगे और अपने सभी लाइव शो करेंगे. शुक्रवार को अपने कॉन्सर्ट के दौरान फैंस से बात करते हुए, उन्होंने कहा कि भले ही कुछ लोग उनके कॉन्सर्ट को रोकना चाहते थे, लेकिन 'दोसांझवाला भारत आ गया है.'
उन्होंने कहा, 'मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि दोसांझवाला भारत आ गया है. यह हमारा पहला शो था, और इसे रोकने की कई कोशिशें की गईं. लेकिन मैं 20 दिसंबर तक भारत में ही हूं. यहां से जाने से पहले हम अपने बाकी सभी शो करेंगे.'
सिंगर ने दावा किया कि शुक्रवार को दिल्ली में होने वाले उनके शो को रोकने की बार-बार कोशिशें की गईं. दिलजीत ने कहा, 'मैंने तो इस बारे में सीधे भगवान से भी बात की! मैंने फोन पर उनसे बात की. मैंने उनसे कहा, 'एक शो होने वाला है...' कुछ लोगों ने तो सच में पूरी कोशिश की कि यह शो न हो पाए!'
दिल्ली के मौसम का जिक्र करते हुए, उन्होंने प्रार्थना की कि अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहे। उन्होंने कहा, 'भगवान करे कि अगले तीन-चार घंटों तक बारिश न हो. अपने फैंस से बहुत प्यार है! लोग क्या कहते हैं, इस पर मैं ध्यान नहीं देता क्योंकि मुझे नहीं लगता कि वे मेरा समय बर्बाद करने लायक भी हैं. आप लोग चिंता मत कीजिए, हम एकदम शानदार परफॉरमेंस देंगे.'
बता दें कि इससे पहले दिल्ली पुलिस ने त्योहारों के सीजन के चलते सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शुक्रवार के शो की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इससे फैंस काफी निराश हुए, क्योंकि वे पहले ही टिकट खरीद चुके थे. इसके बाद 'बुकमायशो लाइव' (BookMyShow Live) ने ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा योजनाएं सौंपीं. इसके बाद, आखिरकार राष्ट्रीय राजधानी में यह कॉन्सर्ट आयोजित हुआ.
