NANO की आएगी याद! Hero ला रहा 2 सीटर क्यूट इलेक्ट्रिक कार
अब तक आपने Hero MotoCorp को बाइक और स्कूटर बनाते देखा होगा, लेकिन कंपनी अब शहरों में सफर का तरीका बदलने की तैयारी में नजर आ रही है.
Hero के इलेक्ट्रिक व्हीकल ब्रांड Vida ने कुछ समय पहले माइक्रो मोबिलिटी के तीन कॉन्सेप्ट पेश किए थे. इनमें से एक छोटी इलेक्ट्रिक कार NEX 3 अब एक बार फिर चर्चा में है.
दरअसल, इस माइक्रो कार के डिजाइन का पेटेंट सामने आया है. इससे संकेत मिलते हैं कि कंपनी अभी भी इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है.
हालांकि, पेटेंट फाइल होने का मतलब यह नहीं है कि कंपनी इसे जल्द ही बाजार में लॉन्च करने वाली है.
लेकिन अगर यह कार हकीकत बनती है, तो करीब 20 साल पहले भारतीय बाजार में आई Tata Nano की यादें ताजा हो सकती हैं.
Vida ने पिछले साल EICMA मोटरसाइकिल शो में प्रोजेक्ट Novus के तहत 3 माइक्रो मोबिलिटी कॉन्सेप्ट पेश किए थे. जिसमें NEX 1, NEX 2 और NEX 3 शामिल थे.
NEX 1 एक ऐसा इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जिसे फोल्ड करके बैकपैक की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे खास तौर पर छोटी दूरी के लिए तैयार किया गया है.
वहीं, NEX 2 एक सेल्फ-बैलेंसिंग थ्री-व्हीलर है, जिसमें सामान रखने के लिए काफी जगह मिलती है.
इन दोनों से अलग NEX 3 एक छोटी दो सीटों वाली माइक्रो कार है, जिसे कम दूरी के शहरी सफर के लिए डिजाइन किया गया है.
Vida NEX 3 का डिजाइन अब उद्योग मंत्रालय के तहत आने वाले ऑफिस ऑफ द कंट्रोलर जनरल ऑफ पेटेंट्स, डिजाइन एंड ट्रेडमार्क्स के डेटाबेस में दर्ज हुआ है.
Vida NEX 3 चार पहियों वाली माइक्रो कार है, लेकिन इसकी साइज आज की सामान्य कारों के मुकाबले करीब एक चौथाई बताया गया है.
इसमें दो लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी. ड्राइवर के लिए आगे और पैसेंजर के लिए पीछे सीट दी गई है.
इसकी सबसे खास बात ऊपर की तरफ खुलने वाला सिंगल गलविंग डोर है. इसी दरवाजे से ड्राइवर और पीछे बैठने वाला पैसेंजर गाड़ी में अंदर जा सकेंगे और बाहर निकल सकेंगे.
इस छोटी कार में एयर कंडीशनिंग की सुविधा भी मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और ऑनलाइन सर्विसेज जैसे मॉडर्न फीचर्स भी मिलेंगे.
इसका छोटा साइज इसे भीड़भाड़ वाली सड़कों पर चलाने के लिहाज से काफी बेहतर बनाता है. साथ ही, इसे पार्क करने के लिए भी ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होगी.
इसमें बड़े ग्लास विंडो, नए बंपर, LED लाइटिंग एलिमेंट्स और पीछे की तरफ लगभग हेक्सागोनल आकार की विंडशील्ड देखने को मिलती है.
Hero MotoCorp अपनी इस माइक्रो कार को कब तक बाजार में उतारेगी, इसे लेकर अभी कोई जानकारी नहीं है.

