Must Visit Places During Diwali: दिवाली पर स्वर्ग जैसी जगमगा उठती हैं भारत की ये 7 जगहें, जिंदगीभर याद रहेगा दीपोत्सव का नजारा
Must Visit Places During Diwali: दिवाली आते ही देशभर में रोशनी, सजावट और खुशियों का माहौल बन जाता है. कहीं घरों के बाहर दीये जलाए जाते हैं, तो कहीं बाजारों और ऐतिहासिक इमारतों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में कुछ ऐसी जगहें भी हैं, जहां दिवाली मनाने का अंदाज बिल्कुल अलग है? कहीं गंगा के घाट हजारों दीयों से जगमगाते हैं, तो कहीं मां काली की पूजा और भव्य सजावट देखने को मिलती है.
अक्टूबर-नवंबर में मौसम भी कई जगहों पर घूमने के लिए अच्छा रहता है. ऐसे में अगर आप इस बार दिवाली पर परिवार या दोस्तों के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो भारत की इन 7 जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
अयोध्या में दिवाली का सीधा संबंध भगवान राम की अयोध्या वापसी से है. यहां दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के घाटों और शहर के कई हिस्सों में दीये जलाए जाते हैं. राम की पैड़ी पर होने वाली भव्य सजावट और दीपों की कतारें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
वाराणसी में दिवाली का नजारा देखने लायक होता है. गंगा किनारे बने घाटों पर दीये जलाए जाते हैं और मंदिरों को फूलों से सजाया जाता है. शाम की गंगा आरती के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है. यहां दिवाली के कुछ दिनों बाद मनाई जाने वाली देव दीपावली भी खास आकर्षण है, जब घाटों पर लाखों दीये जलाए जाते हैं.
जयपुर में दिवाली के दौरान बाजारों की रौनक देखते ही बनती है. जौहरी बाजार, बापू बाजार और हवा महल के आसपास का इलाका रोशनी से सजाया जाता है. यहां खरीदारी के साथ राजस्थानी मिठाइयों और पारंपरिक पकवानों का स्वाद भी ले सकते हैं.
अमृतसर में दिवाली के दिन स्वर्ण मंदिर की खूबसूरती देखने लायक होती है. पूरा गुरुद्वारा रोशनी से जगमगाता है और सरोवर में इसकी परछाईं बेहद सुंदर लगती है. यहां दिवाली के साथ बंदी छोड़ दिवस भी मनाया जाता है, जिसका सिख धर्म में खास महत्व है.
कोलकाता में दिवाली के साथ काली पूजा की धूम रहती है. शहर में मां काली के भव्य पंडाल बनाए जाते हैं. मंदिरों और सड़कों को सजाया जाता है. यहां की काली पूजा और बंगाली संस्कृति का अनुभव दिवाली की ट्रिप को खास बना सकता है.
झीलों और महलों के लिए मशहूर उदयपुर दिवाली पर रोशनी से चमक उठता है. पिछोला झील, सिटी पैलेस और पुराने बाजारों के आसपास घूमने का अपना अलग आनंद है. यह जगह उन लोगों के लिए अच्छी है, जो त्योहार के साथ शांति और खूबसूरत नजारों का मजा लेना चाहते हैं.
दिल्ली में दिवाली की रौनक बाजारों से लेकर रिहायशी इलाकों तक दिखाई देती है. चांदनी चौक, कनॉट प्लेस और लाजपत नगर जैसे बाजारों में खरीदारी का अलग ही उत्साह रहता है. यहां मिठाइयों, सजावटी सामान और रोशनी से सजे बाजारों का मजा ले सकते हैं.
दिवाली पर इन जगहों की सैर आपको सिर्फ खूबसूरत नजारे ही नहीं, बल्कि भारत की अलग-अलग परंपराओं और संस्कृति को करीब से जानने का मौका भी देगी.


