लंदन में MBA की पढ़ाई, पुणे के फ्लैट में लाश... मुग्धा की मौत बनी मिस्ट्री, माता-पिता से दो महीने तक छिपाया सच!

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
महाराष्ट्र के पुणे में 34 साल की मुग्धा अविनाश देशमुख की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. परिवार को लगता था कि मुग्धा लंदन में MBA की पढ़ाई कर रही है. लेकिन पुलिस के मुताबिक, वह अगस्त महीने में ही लंदन छोड़ चुकी थीं. बाद में उसके बैंक स्टेटमेंट से पता चला कि वह पुणे में रह ...

महाराष्ट्र के पुणे में 34 साल की मुग्धा अविनाश देशमुख की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. परिवार को लगता था कि मुग्धा लंदन में MBA की पढ़ाई कर रही है. लेकिन पुलिस के मुताबिक, वह अगस्त महीने में ही लंदन छोड़ चुकी थीं. बाद में उसके बैंक स्टेटमेंट से पता चला कि वह पुणे में रह रही थी. परिवार के लोग पुलिस के साथ मुग्धा के फ्लैट तक पहुंचे तो अंदर मुग्धा का शव सड़ी-गली हालत में मिला. मुग्धा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, अभी इसका जवाब नहीं मिला है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, मुग्धा के पिता अविनाश देशमुख ने छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. परिवार को जानकारी थी कि मुग्धा लंदन में रहकर MBA की पढ़ाई कर रही है. 23 अक्टूबर को मुग्धा की माता-पिता से फोन पर आखिरी बार बात हुई थी. इस बातचीत में मुग्धा ने बताया कि उसका किसी जगह इंटरव्यू है. इतना कहकर जल्दबाजी में फोन रख दिया.

अगले दिन परिवार ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन लगातार बंद आने लगा. पहले तो परिवार ने इंतजार किया होगा कि शायद किसी काम में व्यस्त होगी. लेकिन जब संपर्क नहीं हुआ, तो चिंता बढ़ने लगी. मुग्धा के पिता ने लंदन में रहने वाली उनकी दोस्त से संपर्क किया. दोस्त निकिता से मुग्धा के बारे में पता लगाने को कहा.

यह भी पढ़ें: बिहार के छपरा में सनसनीखेज कांड... धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले पुजारी की सिर में गोली मारकर हत्या, ईंटों के ढेर के पास मिला शव

मुग्धा की फ्रेंड ने लंदन पुलिस से संपर्क किया और मुग्धा के लापता होने की शिकायत की, लेकिन पुलिस से जो जानकारी मिली, उसने परिजनों को चौंका दिया. लंदन पुलिस ने बताया कि मुग्धा अगस्त महीने में ही लंदन छोड़ चुकी थी. यानी परिवार को लगता रहा कि बेटी लंदन में है, जबकि वह वहां से जा चुकी थी. अब सवाल था कि मुग्धा आखिर गई कहां? परिजनों ने मुग्धा के बैंक स्टेटमेंट और दूसरी जानकारियों की जांच की. इसी दौरान पता चला कि वह भारत में है और पुणे में रह रही है.

मुग्धा अगस्त से पुणे की लोढ़ा सोसायटी में एक फ्लैट में रह रही थी. परिवार को उसके पुणे में होने की जानकारी नहीं थी. इसके बाद मुग्धा के परिजन छत्रपति संभाजीनगर पुलिस के साथ पुणे पहुंचे. वहां पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की शिरगांव पुलिस टीम की मदद ली गई. पुलिस और परिजन मुग्धा के फ्लैट तक पहुंचे.

दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा था. आखिरकार पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़ा. अंदर मुग्धा का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा मिला. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. एक तरफ परिवार अपनी बेटी को तलाश रहा था. दूसरी तरफ वह पुणे के एक फ्लैट में मृत मिली. इस खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.

मुग्धा की मौत कैसे हुई? अभी कई सवाल बाकी

फिलहाल मुग्धा की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत का कारण सामने नहीं आया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस मामले में कई सवाल हैं, जिनके जवाब मिलना बाकी है. मुग्धा अगस्त में लंदन छोड़कर पुणे क्यों आई थी? उसने अपने माता-पिता को पुणे में रहने की जानकारी क्यों नहीं दी?

23 अक्टूबर को इंटरव्यू की बात कहने के बाद उनके साथ क्या हुआ? और सबसे बड़ा सवाल- मौत किन परिस्थितियों में हुई? अभी इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं. पुलिस की जांच से ही पता चलेगा कि मुग्धा की मौत के पीछे की पूरी कहानी क्या है. फिलहाल 34 साल की मुग्धा देशमुख की मौत कई सवाल छोड़ गई है. परिवार जिस बेटी को लंदन में तलाश रहा था, उसका शव पुणे के एक फ्लैट में मिला है.

Original Source
https://www.aajtak.in/india/maharashtra/story/pune-mugdha-deshmukh-death-london-mba-student-found-dead-flat-mystery-lcla-strc-2684708-2026-10-31?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World