How to Organize Kitchen: रसोई में कड़ाही-कुकर रखने की जगह नहीं? अपनाएं ये 5 आसान तरीके, दिवाली पर किचन का दिखेगा खूबसूरत
How to Organize Kitchen: दीपावली के पहले से ही घरों में सफाई शुरू हो जाती है और लोग घर के कोने-कोने को चमकाते हैं. कहा जाता है कि इस दिन घर में लक्ष्मी आती है और इसलिए उनके आगमन के लिए लोग सफाई करते हैं और घर को खूब अच्छी तरह से सजाते हैं. घर की सफाई के बाद सबसे ज्यादा रसोई को साफ करने और व्यवस्थित करने में समय लगता है और जब किचन छोटी हो तो दिक्कतें ज्यादा हो जाती हैं.
खासकर छोटी रसोई में कड़ाही, कुकर, तवा और दूसरे बर्तन रखने के लिए जगह नहीं मिलती. कई बार बर्तन अलमारी में रखने के बजाय किचन के स्लैब पर ही जमा होते रहते हैं, जिससे रसोई बिखरी हुई नजर आती है.
अगर आपके किचन का भी यही हाल है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान तरीकों से आप कम जगह में भी ज्यादा बर्तन व्यवस्थित रख सकती हैं. इससे न सिर्फ रसोई में जगह बनेगी, बल्कि किचन पहले से ज्यादा साफ और सुंदर भी दिखेगा.
अगर किचन में अलमारी की जगह कम है, तो दीवारों का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए दीवार पर मजबूत हैंगिंग रैक या हुक लगवाएं. इन पर छोटे पैन, तवा, कलछी, चम्मच और दूसरे रोजाना इस्तेमाल होने वाले बर्तन टांग सकते हैं. इससे स्लैब खाली रहेगा और जरूरत पड़ने पर बर्तन आसानी से मिल जाएंगे.
कई बार कड़ाही और कुकर अलग-अलग रखने से अलमारी की काफी जगह घिर जाती है. ऐसे में एक ही आकार के बर्तनों को एक के अंदर एक रख सकती हैं. छोटी कड़ाही को बड़ी कड़ाही के अंदर और छोटे पतीले को बड़े पतीले में रखने से काफी जगह बचती है. ध्यान रखें कि बर्तन रखने से पहले उन्हें अच्छी तरह सुखा लें.
अगर आपके किचन में नीचे की तरफ खाली जगह है, तो वहां पुल आउट ड्रॉअर बनवा सकती हैं. इसमें कड़ाही, कुकर, पतीले और दूसरे भारी बर्तन आसानी से रखे जा सकते हैं. इसकी खासियत यह है कि सामान निकालने के लिए पूरी अलमारी खाली नहीं करनी पड़ती. ड्रॉअर खींचते ही जरूरत का बर्तन सामने आ जाता है.
किचन में जगह घेरने की एक बड़ी वजह बर्तनों के ढक्कन भी होते हैं. कई बार कड़ाही और कुकर के ढक्कन अलग-अलग रखने से अलमारी बिखरी हुई लगती है. इसके लिए ढक्कनों को रखने वाला अलग स्टैंड खरीद सकती हैं. इसमें छोटे-बड़े ढक्कन एक के बाद एक आसानी से रखे जा सकते हैं. इससे बर्तन निकालते समय भी परेशानी नहीं होगी.
रसोई में खाली कोनों में आप कॉर्नर रैक लगा सकते है, जिसमें रोजाना इस्तेमाल होने वाले मसालों के डिब्बे, छोटे बर्तन, कप रखे जा सकते हैं. इससे खाली कोने का इस्तेमाल भी हो जाएगा और किचन का सामान इधर-उधर फैला हुआ भी नहीं दिखेगा.

