Dhanteras 2026 Shubh Muhurt: धनतेरस का आखिरी मुहूर्त थोड़ी देर में शुरू, नोट करें पूजा-खरीदारी का समय
Dhanteras 2026 Shubh Muhurt:आज देशभर में धूमधाम से धनतेरस का त्योहार मनाया जा रहा है. यह पर्व हर साल कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान कुबेर और धनवंतरी की पूजा से धनधान्य में वृद्धि और आरोग्य का वरदान मिलता है. इस दिन सोने-चांदी की खरीदारी करना भी बहुत शुभ माना गया है. मान्यता है कि धनतेरस पर इन चीजों की खरीदारी से धन-संपत्ति में कई गुना वृद्धि होती है. इसलिए धनतेरस पर लोग जमकर खरीदारी करते हैं.
इस बार धनतेरस पर पूजा और खरीदारी का अंतिम शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 49 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 23 मिनट तक रहने वाला है. यह प्रदोष काल है और इसमें पूजा और खरीदारी का विशेष महत्व बताया गया है. हालांकि भौगोलिक विषमता के कारण देश के बड़े शहरों में मुहूर्त का समय थोड़ा अलग हो सकता है. आइए जानते हैं कि आपके शहर में पूजा और खरीदारी का समय क्या रहने वाला है.
धनतेरस की पूजन विधि धनतेरस की शाम सबसे पहले माता लक्ष्मी, भगवान कुबेर और भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना करें. इसके बाद यमराज के नाम से चौमुखा दीपक तैयार करें. इसमें सरसों या तिल का तेल डालकर चार बत्तियां लगाएं. अब दीपक के नीचे थोड़े से साबुत चावल (अक्षत) रखें. इस दीपक को घर के मुख्य द्वार पर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके जलाएं. दीपक जलाने के बाद हाथ जोड़कर यमराज का स्मरण करें और परिवार के सभी सदस्यों की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और अकाल मृत्यु से रक्षा की प्रार्थना करें.
