परविंदर सिंह झोटा और गुलजार सिंह के परिवार को CRPF सुरक्षा, केंद्र सरकार का फैसला
पंजाब में गुलजार सिंह तूर वणजारा और परविंदर सिंह झोटा के परिवारों को केंद्र सरकार ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की सुरक्षा मुहैया कराने का फैसला किया है. कुछ दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों परिवारों से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना जताई थी. अब केंद्र के इस फैसले के बाद दोनों परिवारों की सुरक्षा की जिम्मेदारी CRPF संभालेगी.
परविंदर सिंह झोटा नशे के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे. वह मेडिकल स्टोरों पर कथित तौर पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का विरोध कर रहे थे. 13 अक्टूबर को मानसा के एक व्यस्त बाजार में एक मेडिकल स्टोर के अंदर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के वक्त वह फेसबुक लाइव कर रहे थे. गोलीबारी में चार अन्य लोग भी घायल हुए थे.
आरोप है कि एक बुजुर्ग को दवाएं बेचे जाने को लेकर झोटा ने मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार से सवाल किया था. इसी दौरान संचालक ने कथित तौर पर उन पर गोली चला दी. पुलिस ने आरोपी अश्विनी कुमार को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया था.
परिवार की मांगों को लेकर जारी था विरोध प्रदर्शन झोटा की हत्या के बाद पंजाब में राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया था. परिवार की प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव के इस्तीफे के साथ हत्या की सीबीआई जांच शामिल थी. इस मामले की जांच सीबीआई पहले ही अपने हाथ में ले चुकी है.
परिवार की अन्य मांगों में झोटा के नाम पर ट्रॉमा सेंटर बनाना और गोलीबारी में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को मुआवजा देना शामिल था. अधिकारियों के मुताबिक, इन मांगों को पूरा कर दिया गया है. इसके अलावा झोटा की प्रतिमा किसी उपयुक्त स्थान, जैसे पार्क या स्टेडियम में स्थापित करने की भी बात कही गई है.

