CM भगवंत मान धूरी सीट से लड़ेंगे चुनाव, पंजाब के लिए आ गई AAP की पहली लिस्ट
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है. इस लिस्ट में 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं. मुख्यमंत्री भगवंत मान धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. AAP ने सभी 40 मौजूदा विधायकों को फिर से चुनावी मैदान में उतारा है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे. उनकी सीट बदलने को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन पार्टी ने उन्हें धुरी से ही उम्मीदवार बनाया है. भगवंत मान ने 2022 के विधानसभा चुनाव में धूरी सीट से जीत दर्ज की थी. उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार दलबीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोटों के अंतर से हराया था. अब पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए भी उन्हें इसी सीट से टिकट दिया है.
AAP की पहली लिस्ट में जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा का नाम भी शामिल है. पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. वह इसी सीट से दोबारा चुनाव लड़ेंगे. इसके अलावा अजनाला सीट से कुलदीप सिंह धालीवाल को टिकट दिया गया है. तरनतारन से हरमीत सिंह संधू और एसएएस नगर से कुलवंत सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है.
आम आदमी पार्टी ने पहली लिस्ट में सभी 40 मौजूदा विधायकों को फिर से चुनावी मैदान में उतारा है.. कुल 40 नामों वाली इस सूची में पार्टी ने अपने मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया है.
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं. राज्य में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. आम आदमी पार्टी फिलहाल राज्य की सत्ता में है और आगामी चुनाव में फिर से सरकार बनाने के लिए तैयारी कर रही है.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि आज पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक हुई. इसमें पंजाब विधानसभा चुनाव के टिकटों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि जनता के बीच कराए गए सर्वे में जिन उम्मीदवारों को अच्छा समर्थन मिला है, उनके नामों पर मुहर लगा दी गई है. कुल 40 उम्मीदवारों के टिकट फाइनल किए गए हैं. भगवंत मान ने सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे एक बार फिर चुनाव जीतकर आएंगे.


