चीन को AI चिप्स की स्मगलिंग... अमेरिका की रडार पर Nvidia CEO और उनकी करीबी एलिस
अमेरिका चीन को एडवांस्ड एआई चिप्स की स्मगलिंग करने वाले एक संदिग्ध नेटवर्क की जांच कर रहा है. जांचकर्ता इस मामले में जासूसी और बीजिंग के लिए सेंसिटिव कमर्शियल जानकारी जुटाने के एंगल को भी खंगाल रहे हैं. इस जांच ने एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग और जांच के दायरे में आए लोगों से कंपनी के लिंक की तरफ ध्यान खींचा है.
इस जांच के केंद्र में एलिस हुआंग उर्फ हुआंग ले हैं, जो सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी एक चीनी बिजनेसवुमन हैं.
द न्यू यॉर्क टाइम्स के मुताबिक, उन पर चीन के लिए कमर्शियल जानकारी जुटाने का शक है और उनके जेन्सन हुआंग के साथ क्लोज रिलेशनशिप की खबरें भी सामने आई हैं.
बता दें, एलिस हुआंग एक चीनी नागरिक हैं, जिन्होंने सिंगापुर बेस्ड डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में बतौर सीनियर एग्जीक्यूटिव काम किया. हालांकि उनकी पर्सनल लाइफ या शुरुआती करियर के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन उनकी प्रोफेशनल पोजीशन ने उन्हें ग्लोबल एआई चिप सप्लाई चेन के बीचों-बीच लाकर खड़ा कर दिया.
मेगास्पीड एनवीडिया (Nvidia) चिप्स से चलने वाले कंप्यूटिंग इक्विपमेंट खरीदती है और एक इंटरमीडिएटरी के रूप में काम करते हुए चीनी टेक जायंट अलीबाबा समेत कई बिजनेस को डेटा सेंटर कैपेसिटी रेंट पर देती है.
अमेरिकन अथॉरिटीज इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या साउथईस्ट एशिया के जरिए काम करने वाली फर्में चीनी बिजनेस को एडवांस्ड एआई चिप्स पर लगी पाबंदियों से बचने में मदद कर रही थीं. इसी वजह से बिजनेस मॉडल पर सवाल खड़े हुए हैं.
जांच के दौरान एलिस हुआंग मेगास्पीड में सीनियर एग्जीक्यूटिव थीं. अपनी पोजीशन और कंपनी की एनवीडिया के साथ डीलिंग के चलते वह चीफ एग्जीक्यूटिव जेन्सन हुआंग के संपर्क में आईं. बताया जा रहा है कि अमेरिका को पहले से ही उन पर चीन को एनवीडिया चिप्स स्मगल करने में मदद करने का शक था, जिसके बाद उन्हें सर्विलांस पर रखा गया था.
