दिवाली पर घर सजाने का नहीं मिला समय? आखिरी वक्त में ये 7 तरीके मिनटों में बदल देंगे घर का लुक
Last-Minute Diwali Home Decoration: दिवाली आते ही हर कोई अपने घर को खूबसूरत तरीके से सजाना चाहता है. कोई दरवाजे पर फूलों का तोरण लगाता है, तो कोई रंग-बिरंगी लाइट्स और दीयों से घर के कोने-कोने को रोशन करता है. लेकिन कई बार साफ-सफाई, खरीदारी और पकवान बनाने के चक्कर में घर की सजावट के लिए समय ही नहीं बचता. अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है और दिवाली पर घर सजाने की तैयारी अभी बाकी है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है.
घर को फेस्टिव लुक देने के लिए आपको महंगे डेकोरेशन आइटम खरीदने या घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं है. घर में रखी कुछ पुरानी चीजों और छोटी-छोटी तरकीबों से भी डेकोरेशन को खास बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं ऐसे 7 आसान तरीके, जिन्हें अपनाकर आप आखिरी समय में भी घर को त्योहार के लिए तैयार कर सकते हैं.
घर की सजावट की शुरुआत मुख्य दरवाजे से करें. इसके लिए गेंदे के फूलों और आम के पत्तों से बना तोरण लगा सकते हैं. अगर ताजे फूल मौजूद नहीं हैं, तो कपड़े या मोतियों से बने सजावटी तोरण का इस्तेमाल करें. इससे घर के एंट्री गेट को पारंपरिक और खूबसूरत लुक मिलेगा.
दिवाली पर रंगोली घर की रौनक बढ़ाने का सबसे आसान तरीका है. इसके लिए आपको बहुत बड़ा या मुश्किल डिजाइन बनाने की जरूरत नहीं है. चावल के आटे, रंगों या फूलों की पंखुड़ियों से छोटी सी रंगोली बना सकते हैं. इसके आसपास दीये रख देने से सजावट और भी सुंदर लगेगी.
घर में रखी खाली कांच की बोतलों को सजावट के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें अच्छी तरह साफ करके अंदर छोटी एलईडी लाइट्स डाल दें. चाहें तो बोतलों पर रंगीन रिबन या सजावटी लेस भी लगा सकते हैं. इन्हें बालकनी, सेंटर टेबल या घर के किसी खाली कोने में रखें.
अगर घर की दीवारें खाली और बेजान लग रही हैं, तो उन्हें फेयरी लाइट्स से सजाएं. इन्हें खिड़की, दरवाजे या पर्दों के आसपास लगाया जा सकता है. पीली रोशनी वाली लाइट्स घर में त्योहार जैसा माहौल बनाने में मदद करती हैं. ध्यान रखें कि लाइट्स सुरक्षित तरीके से लगाई गई हों.
घर को नया लुक देने के लिए हर बार नया फर्नीचर खरीदना जरूरी नहीं है. सोफे के कुशन कवर और पर्दों को बदलकर भी कमरे की खूबसूरती बढ़ाई जा सकती है. दिवाली पर लाल, पीले, नारंगी, मैरून और सुनहरे रंग के कपड़े अच्छे लगते हैं. इससे घर का साधारण इंटीरियर भी फेस्टिव नजर आने लगेगा.
दिवाली पर घर के मंदिर की सजावट पर खास ध्यान दिया जाता है. मंदिर के आसपास गेंदे के फूलों की लड़ियां लगाएं और पूजा की जगह को साफ करके सुंदर तरीके से सजाएं. आसपास छोटे दीये या एलईडी लाइट्स रख सकते हैं. इससे पूजा घर का माहौल और भी खूबसूरत लगेगा.
अगर आपके पास ज्यादा डेकोरेशन करने का समय नहीं है, तो एक बड़ी ट्रे लेकर उसमें कुछ मिट्टी के दीये, फूलों की पंखुड़ियां और छोटी सजावटी चीजें रख दें. इसे सेंटर टेबल, डाइनिंग टेबल या एंट्री गेट के पास सजा सकते हैं. कम मेहनत में तैयार यह डेकोरेशन घर को अट्रैक्शन लुक देगा.


