गोलकीपर से टकराया 30 साल का फुटबॉलर, सीने पर लगी जोरदार चोट... कार्डियक अरेस्ट से मौत, VIDEO
फुटबॉल के मैदान से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. स्पेनिश क्लब सीडी टेनेरिफ के 30 साल के खिलाड़ी जीसस डी मिगुएल (Jesus de Miguel) का निधन हो गया है. गोलकीपर से टक्कर के बाद उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था. अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे इस फुटबॉलर ने मंगलवार (3 नवंबर) को दम तोड़ दिया.
यह दर्दनाक हादसा वीकेंड पर खेले गए लीग मुकाबले के दौरान हुआ. टेनेरिफ के खिलाड़ी जीसस डी मिगुएल की एंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो (Jesus Owono) से जोरदार टक्कर हो गई. इस दौरान डी मिगुएल के सीने पर गंभीर चोट लगी. इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती कराया गया.
हादसा इतना गंभीर था कि मुकाबले को स्टॉपेज टाइम में ही रोकना पड़ा. मैच को आगे नहीं खेला जा सका. शुरुआत में खिलाड़ी की हालत गंभीर बताई गई थी. इसके बाद उनके क्लब ने जानकारी दी कि रातभर में उनकी स्थिति और बिगड़ गई है. आखिरकार मंगलवार सुबह 8 बजे उनका निधन हो गया.
टेनेरिफ क्लब ने दी मौत की जानकारी सीडी टेनेरिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपने खिलाड़ी के निधन की पुष्टि की. क्लब ने लिखा, 'हम दर्द से टूट चुके हैं, गले में कुछ अटका हुआ है और इस सच्चाई पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं. सीडी टेनेरिफ बेहद दुख के साथ यह जानकारी देता है कि जीसस डी मिगुएल अलामेडा का मंगलवार ( 3 नवंबर 2026) को सुबह 8 (स्थानीय समयानुसार) बजे निधन हो गया.'
Desde el Atlético de Madrid nos unimos al dolor por el fallecimiento de Jesús de Miguel Alameda. Enviamos nuestro más sentido pésame a sus familiares, amigos y a todos los miembros y aficionados del @CDTOficial. Descanse en paz.
स्पेन के बड़े क्लबों ने जताया दुख जीसस डी मिगुएल के निधन पर स्पेन के कई फुटबॉल क्लबों ने भी शोक जताया है. एस्पेनयोल (Espanyol) ने कहा कि वह इस खबर से बेहद दुखी और स्तब्ध है. क्लब ने डी मिगुएल के परिवार, करीबियों और सीडी टेनेरिफ के साथ संवेदना जताई.
लास पालमास (Las Palmas) ने भी खिलाड़ी के निधन पर दुख जाहिर किया. क्लब ने उनके परिवार, दोस्तों, साथी खिलाड़ियों और टेनेरिफ से जुड़े सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
वहीं, एटलेटिको मैड्रिड (Atletico Madrid) ने भी शोक संदेश जारी किया. क्लब ने जीसस डी मिगुएल के परिवार, दोस्तों और सीडी टेनेरिफ के सदस्यों एवं प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं.


