पत्नी को था महंगी गाड़ियों का शौक, लेकिन कम थी कमाई... पति ने शोरूम से ही चुरा ली 23 लाख की कार

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
भोपाल में एक कार शोरूम के कर्मचारी ने अपने ही शोरूम से करीब 23 लाख रुपये कीमत की फॉक्सवैगन वर्टस GT कार चोरी कर ली. आरोपी ने ग्राहक के नाम पर बुक कार को 28 सितंबर की रात शोरूम से निकाला और गायब हो गया. कंपनी को जब स्टॉक मिलान के दौरान कार नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू हुई. आखिरकार ...

भोपाल में एक कार शोरूम के कर्मचारी ने अपने ही शोरूम से करीब 23 लाख रुपये कीमत की फॉक्सवैगन वर्टस GT कार चोरी कर ली. आरोपी ने ग्राहक के नाम पर बुक कार को 28 सितंबर की रात शोरूम से निकाला और गायब हो गया. कंपनी को जब स्टॉक मिलान के दौरान कार नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू हुई. आखिरकार कार में लगे GPS ने ऐसा सुराग दिया कि पूरा मामला सामने आ गया. पुलिस को आशिमा मॉल के पास कार मिली, जहां आरोपी की पत्नी कार चला रही थी. हालांकि पुलिस के पहुंचने पर आरोपी कार छोड़कर फरार हो गया.

ऐसे चुराई कार कि कंपनी को भनक तक नहीं लगी पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद के रूप में हुई है. वह मूल रूप से होशंगाबाद का रहने वाला है और भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में किराए पर रहता है. आरोपी जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन कार शोरूम में करीब एक साल से नौकरी कर रहा था. शोरूम में काम करने के कारण उसे गाड़ियों की आवाजाही और व्यवस्थाओं की जानकारी थी. इसी का फायदा उठाकर उसने ग्राहक के नाम पर बुक लग्जरी कार को चोरी करने की योजना बनाई.

विवेचक ओंकार सिंह के मुताबिक 28 सितंबर की रात आरोपी शोरूम से फॉक्सवैगन वर्टस GT कार लेकर चला गया था. यह कार एक ग्राहक के नाम पर बुक थी. शुरुआत में शोरूम प्रबंधन को इसकी भनक नहीं लगी, लेकिन जब कंपनी ने गाड़ियों का स्टॉक मिलाया तो करीब 23 लाख रुपये कीमत की कार गायब मिली. इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी और कार की तलाश शुरू की गई.

CCTV में नहीं दिखा चेहरा, GPS ने पकड़वा दिया जांच के दौरान शोरूम के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा साफ नजर नहीं आया, जिससे उसकी पहचान करने में परेशानी हुई. लेकिन कार में लगे GPS सिस्टम ने पुलिस का काम आसान कर दिया. शुक्रवार रात कार की लोकेशन नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास मिली. पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां चोरी की कार के साथ आरोपी की पत्नी भी मिली, जो कार चला रही थी. पुलिस को देखकर आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया.

इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो शोरूम कर्मचारी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद की भूमिका सामने आई. पूछताछ में पत्नी को महंगी कारों का शौक होने और उसे पूरा करने के लिए कार चोरी करने की बात सामने आई है.

आरोपी की तलाश, पत्नी से भी होगी पूछताछ अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। चोरी की गई फॉक्सवैगन वर्टस GT कार बरामद कर ली गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कार चोरी करने में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही आरोपी की पत्नी को कार चोरी होने की जानकारी थी या नहीं, इस संबंध में भी उससे पूछताछ की जाएगी. 

Original Source
https://www.aajtak.in/madhya-pradesh/story/bhopal-showroom-employee-steals-23-lakh-volkswagen-car-to-fulfill-hot-wife-wish-lcly-strc-2685754-2026-11-01?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World