देवर से संबंध बनाने का दबाव, इनकार पर बहू को पीटा... दहेज में 2 लाख रुपये और वॉशिंग मशीन भी मांगी

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
झारखंड के रामगढ़ जिले से पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बहू ने अपने ससुराल वालों पर देवर के साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव डालने और विरोध करने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस मांग को मानने से इनकार किया तो उसक...

झारखंड के रामगढ़ जिले से पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बहू ने अपने ससुराल वालों पर देवर के साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव डालने और विरोध करने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस मांग को मानने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई और दहेज के रूप में दो लाख रुपये नकद के साथ वॉशिंग मशीन की मांग की गई.

मामला रामगढ़ महिला थाना पहुंचा है. पीड़िता श्वेता (बदला हुआ नाम) ने अपने पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका मायका बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में है.

पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी 27 नवंबर 2022 को रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के उरवा गांव निवासी बालेश्वर महतो के साथ हुई थी. शादी के करीब चार साल बीत जाने के बावजूद जब कोई संतान नहीं हुई तो ससुराल वालों ने कथित तौर पर उस पर देवर के साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव डालना शुरू कर दिया.

महिला का आरोप है कि उसने इस अनुचित मांग को मानने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद ससुराल वालों का व्यवहार उसके प्रति और खराब हो गया. उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा. पीड़िता के अनुसार, करीब 15 दिन पहले ससुराल के लोगों ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई भी की.

शिकायत में महिला ने बताया कि मारपीट के साथ ही उससे दहेज के तौर पर दो लाख रुपये नकद और एक वॉशिंग मशीन लाने को कहा गया. जब उसने अपने मायके की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और परिवार के गरीब होने की बात कही तो ससुराल वालों ने उसकी परेशानी को नजरअंदाज कर दिया.

पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उस पर रुपये और सामान लाने का दबाव बनाया. साथ ही धमकी दी कि अगर उसने देवर के साथ संबंध नहीं बनाए तो वे उसे जान से मार देंगे. इन आरोपों के बाद महिला ने रामगढ़ महिला थाना में पति और ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ कानूनी शिकायत दर्ज कराई है.

इस मामले में रामगढ़ महिला थाना प्रभारी रेणुका कुमारी दास ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. पुलिस आरोपों की जांच कर रही है.

यह घटना महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और वैवाहिक रिश्तों में उनके अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए.

Original Source
https://www.aajtak.in/india/jharkhand/story/ramgarh-woman-harassed-for-refusing-illicit-relationship-with-devar-lclcn-strc-2689882-2026-11-06?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World