नहर में सात टुकड़े, कुएं में मिला हाथ और अब सिर... 16 साल की बेटी की हत्या के आरोप में मां गिरफ्तार

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
बिहार के बांका जिले में बदुआ जलाशय की पश्चिमी मुख्य नहर से मानव अंग मिलने का सिलसिला पांचवें दिन भी जारी रहा. रविवार शाम पुलिस ने कंटिया गांव के पास से एक मानव सिर बरामद किया. इस मामले में 16 वर्षीय किशोरी प्रिया कुमारी की हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने हत्या और साक्ष्य ...

बिहार के बांका जिले में बदुआ जलाशय की पश्चिमी मुख्य नहर से मानव अंग मिलने का सिलसिला पांचवें दिन भी जारी रहा. रविवार शाम पुलिस ने कंटिया गांव के पास से एक मानव सिर बरामद किया. इस मामले में 16 वर्षीय किशोरी प्रिया कुमारी की हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में उसकी मां सुनीता देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

पुलिस के मुताबिक, अब तक नहर और आसपास के इलाकों से मानव शरीर के सात टुकड़े, एक हाथ और सिर बरामद किया जा चुका है. हालांकि, इन अंगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है. आशंका है कि ये सभी अवशेष बघोनियां गांव निवासी संतोष सिंह की लापता बेटी प्रिया के हो सकते हैं. इसकी आधिकारिक पुष्टि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.

यह भी पढ़ें: 10 किलो से ज्यादा चांदी, 33 ग्राम सोना और ढेरों गहने... बांका में चोरी के माल का ऐसा खेल पकड़ा गया कि पुलिस भी चौंक गई

रविवार को स्थानीय लोगों ने नहर के पास तीन-चार कुत्तों को पॉलिथीन में बंधी किसी वस्तु को नोचते देखा. करीब जाकर देखने पर वह मानव खोपड़ी जैसी दिखाई दी. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची टीम ने सिर को कब्जे में लिया और एसएफएल टीम से घटनास्थल के साथ बरामद अवशेषों के नमूने एकत्रित कराए. इसके बाद सिर को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया.

जानकारी के मुताबिक, बदुआ जलाशय का मुख्य फाटक बंद होने से नहर का जलस्तर कम हो गया था. इसी दौरान 28 अक्टूबर को छगरचारा गांव के पास कुछ ग्रामीण मछली पकड़ रहे थे. तभी उनकी नजर नहर में पड़े मानव शरीर के कई टुकड़ों पर पड़ी. इनमें एक अंग में इंजेक्शन की नीडल यानी आईवी कैनुला भी लगा हुआ था.

मानव अवशेष देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान एक-एक कर सात टुकड़े बरामद किए. एसएफएल टीम ने सभी अवशेषों के नमूने एकत्रित किए. इसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया. शुरुआत में इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

अगले दिन यानी 29 अक्टूबर को पुलिस ने बाकी अंगों की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड बुलाया. खोजी कुत्ते की मदद से घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर नहर किनारे बने एक कुएं का पता चला. तलाशी के दौरान वहां से मानव शरीर का एक हाथ बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी.

इसी बीच चौकीदार चौधरी पासवान को गुप्त सूचना मिली कि बघोनियां गांव के संतोष सिंह, उसकी पत्नी सुनीता देवी, मौसेरे भाई विजय सिंह और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर अपनी 16 वर्षीय बेटी की हत्या की है. आरोप है कि वारदात के बाद पहचान और सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए गए.

इस सूचना के आधार पर पुलिस ने 29 अक्टूबर को दूसरी प्राथमिकी दर्ज की. इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए संतोष सिंह की पत्नी सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया. उसे न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया है. वहीं, संतोष सिंह के ट्रैक्टर चालक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया.

पुलिस अब संतोष सिंह और उसके मौसेरे भाई विजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, किशोरी किसी अज्ञात युवक से फोन पर बातचीत करती थी. इसकी जानकारी परिवार को होने के बाद उस पर युवक से बात नहीं करने का दबाव बनाया जा रहा था. हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि वह युवक कौन था और उससे बातचीत को लेकर परिवार में किस तरह का विवाद हुआ था.

इलाके में चर्चा है कि इसी विवाद के बीच किशोरी ने कथित तौर पर कोई नशीला पदार्थ खा लिया था. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए भी कहीं लेकर गए थे, लेकिन इसी दौरान उसकी मौत हो गई. आशंका जताई जा रही है कि मौत के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए. 

हालांकि, पुलिस ने इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. किशोरी की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

थानाध्यक्ष विजयेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.

वहीं, बेलहर एसडीपीओ रविंद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि नहर से सड़ा-गला मानव सिर बरामद हुआ है. डीएनए जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सिर और पहले बरामद किए गए मानव अंग एक ही व्यक्ति के हैं या नहीं और क्या वे लापता किशोरी के हैं.

उन्होंने बताया कि इस मामले में दो प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है. पुलिस एसएफएल टीम, डॉग स्क्वायड और तकनीकी सेल की मदद से बाकी अंगों की तलाश कर रही है. डीएनए रिपोर्ट और जांच के अन्य निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Original Source
https://www.aajtak.in/bihar/story/banka-16-year-old-girl-murder-case-human-head-found-canal-lclcn-strc-2685995-2026-11-01?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World