भारतीय क्रिकेटर ने 14 गेंदों में मचाई तबाही, पाकिस्तान से छिना फिफ्टी का वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट में एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है. उत्तराखंड की लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया है. उन्होंने महज 14 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना का रिकॉर्ड तोड़ दिया. फातिमा ने 15 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी.
24 साल की प्रेमा ने सोमवार को पुणे के गहुंजे स्थित MCA क्रिकेट स्टेडियम में हैदराबाद के खिलाफ सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के मुकाबले में यह इतिहास रचा. उन्होंने 14 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए. उनकी इस विस्फोटक पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. प्रेमा का स्ट्राइक रेट 357.14 का रहा.
प्रेमा की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 2 विकेट पर 187 रन बनाए. जवाब में हैदराबाद की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट पर 98 रन ही बना सकी. उत्तराखंड ने यह मुकाबला 89 रनों से जीत लिया. प्रेमा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
🚨 𝗪𝗢𝗥𝗟𝗗 𝗥𝗘𝗖𝗢𝗥𝗗 𝗔𝗟𝗘𝗥𝗧 🚨 🎥 Glimpses of Prema Rawat's 14-ball half-century for Uttarakhand against Hyderabad in the Senior Women's T20 Trophy - the fastest fifty in Women's T20 cricket ✨👏 #SWT20Trophy https://t.co/a60PmGVv3E
इससे पहले महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना के नाम था. उन्होंने मई 2026 में कराची में जिम्बाब्वे के खिलाफ महज 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. उस पारी के साथ उन्होंने महिला टी20 इंटरनेशनल में 18 गेंदों में फिफ्टी का पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ा था. यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन, ऑस्ट्रेलिया की फीबी लिचफील्ड और भारत की ऋचा घोष के नाम संयुक्त रूप से था.
फातिमा ने महिला टी20 क्रिकेट में मैरी केली और लॉरा हैरिस के 15 गेंदों में अर्धशतक के रिकॉर्ड की भी बराबरी की थी. अब प्रेमा ने 14 गेंदों में फिफ्टी जड़कर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है.
उत्तराखंड की पारी की शुरुआत राघवी बिष्ट और करीना ने की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े. करीना 19 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि राघवी ने 72 रनों की शानदार पारी खेली. इसके बाद राघवी और नीलम भारद्वाज ने दूसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े. आखिर में प्रेमा ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया.
गेंदबाजी में भी प्रेमा ने कमाल दिखाया. उन्होंने 4 ओवर में महज 12 रन देकर 2 विकेट झटके. उन्होंने गुगुलोथु काव्यश्री और नल्ला क्रांति रेड्डी को पवेलियन भेजा.
प्रेमा रावत की पहचान मुख्य रूप से लेग स्पिनर के तौर पर रही है. उन्हें 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जगह मिली थी. श्रेयंका पाटिल के टखने की चोट के कारण बाहर होने के बाद प्रेमा को टीम में शामिल किया गया.
इससे पहले उन्होंने इंडिया ए की ओर से महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था. भारत की खिताबी जीत के दौरान प्रेमा ने 5 मैचों में 8 विकेट हासिल किए थे. 2025 में इंडिया ए के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी उन्होंने 3 टी20 मैचों में 7 विकेट झटके थे.
प्रेमा ने 2026 में भारत की सीनियर टीम के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया. वह अब तक 7 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 7 विकेट ले चुकी हैं. पाकिस्तान के खिलाफ महिला एशिया कप में 9 रन देकर 3 विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. अब 14 गेंदों में वर्ल्ड रिकॉर्ड फिफ्टी जड़कर उन्होंने बता दिया है कि उनकी पहचान सिर्फ गेंद से विकेट लेने तक सीमित नहीं है.

