न जिम, न सिनेमा, न कैफे... गांव में रहकर 1 लाख रुपये कमा रहा इंजीनियर, फिर शहर जाने को क्यों परेशान!
वर्क फ्रॉम होम करने के लिए ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों को कई पापड़ बेलने पड़ते हैं. कंपनियां कई लोगों को बड़े शहरों की भागदौड़ से दूर अपने घर या गांव में रहकर काम करने का मौका दिया है. हालांकि, कुछ लोगों के लिए यह अच्छा होता है, तो कुछ लोग इससे बहुत परेशान हो जाते हैं. हालांकि, इससे किराये और रोजमर्रा के कई खर्च बच जाते हैं.लेकिन क्या अच्छी कमाई और बचत ही खुशहाल जिंदगी के लिए काफी है?
गांव में रहकर हर महीने 1 लाख रुपये कमाने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कहानी कुछ ऐसा ही सवाल खड़ा कर रही है. अच्छी सैलरी और कम खर्च के बावजूद वह गांव की जिंदगी से ऊब गया है और अब शहर में शिफ्ट होने के बारे में सोच रहा है. इसे लेकर इंजीनियर ने रेडिट पर लोगों से सलाह मांगी है. ाइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है?
सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने रेडिट के r/developersIndia पर अपनी परेशानी यूजर्स के साथ शेयर की है. उसने बताया कि उसके पास करीब एक साल का वर्क एक्सपीरियंस है और वह पूरी तरह रिमोट जॉब करता है.गांव में परिवार के साथ रहने की वजह से उसे किराया नहीं देना पड़ता और दूसरे खर्च भी सीमित हैं. ऐसे में वह अपनी 1 लाख रुपये की मासिक सैलरी का बड़ा हिस्सा बचा पाता है. हालांकि, परेशानी यह नहीं है कि वह अपने काम से परेशान है बल्कि वह अपने गांव की जिंदगी से ऊब चुका है. हालांकि, आर्थिक तौर पर यह व्यवस्था फायदेमंद होने के बावजूद उसे गांव में जिंदगी काफी नीरस लगने लगी है.
न जिम, न सिनेमा, न कैफे... वीकेंड पर भी बोरियत
रेडिट पोस्ट में इंजीनियर ने बताया कि गांव में मनोरंजन और बाहर जाकर समय बिताने के ज्यादा विकल्प नहीं हैं. वहां न जिम है, न सिनेमा हॉल और न ही कैफे. इतना ही नहीं, वहां से Swiggy या Zomato जैसी फूड डिलीवरी सेवाओं का भी विकल्प नहीं मिलता. उसने पोस्ट में आगे लिखा कि कभी-कभी उसका मन कुछ अच्छा खाने, फिल्म देखने या यूं ही बाहर घूमने का करता है, लेकिन गांव में ऐसा करने के लिए जगहें ही नहीं हैं. उसका रोज का रूटीन सुबह उठने, काम करने, फोन चलाने और सो जाने तक सीमित हो गया है.
इस स्थिति से निकलने के लिए वह अब अपने गांव से करीब 80 किलोमीटर दूर कोटा शहर में रहने पर विचार कर रहा है. वहां उसे जिम, सिनेमाघर और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं. लेकिन शहर में जाने का मतलब किराया, खाने और दूसरे घरेलू खर्चों का बढ़ना भी है. उसे यह चिंता भी है कि शहर में रहने के बाद शायद उसकी बचत पहले की तरह न रहे. साथ ही, चूंकि नौकरी रिमोट ही रहेगी, इसलिए यह भी तय नहीं है कि शहर में रहने से उसकी रोजमर्रा की जिंदगी कितनी बदल पाएगी.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या सलाह दी?
उसकी पोस्ट पर Reddit यूजर्स ने अलग-अलग राय रखी है. कुछ यूजर्स ने उसे शहर में जाकर ऐसा जीवन जीने की सलाह दी है. वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि रिमोट जॉब में मिल रही आजादी का इस्तेमाल करके वह अलग-अलग जगहों पर जाकर काम कर सकता है. एक यूजर ने उसे पहाड़ी इलाकों या समुद्र किनारे कुछ दिन बिताने का सुझाव दिया. वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि अगर वह शहर में रहने का अनुभव लेना चाहता है तो कुछ समय के लिए ऐसा करके देख सकता है.

