बेटे को वश में करने मां ने लुटा दिया ₹1 करोड़ का खजाना... गृहशांति के जाल में फंसा परिवार, जिंदगीभर की कमाई गंवाई

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
MP की राजधानी भोपाल में तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बेटे को अपने वश में करने और परिवार को फिर से एकजुट करने की चाहत में साकेत नगर निवासी एक महिला कथित तांत्रिकों के ऐसे जाल में फंस गई कि घर में रखी जिंदगीभर की कमाई तक गंवा बैठी. आरोपियों ...

MP की राजधानी भोपाल में तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बेटे को अपने वश में करने और परिवार को फिर से एकजुट करने की चाहत में साकेत नगर निवासी एक महिला कथित तांत्रिकों के ऐसे जाल में फंस गई कि घर में रखी जिंदगीभर की कमाई तक गंवा बैठी. आरोपियों ने कभी तंत्र-मंत्र, कभी पूजा-पाठ तो कभी गृहशांति के नाम पर परिवार का भरोसा जीता और धीरे-धीरे लाखों रुपये नकद, ऑनलाइन रकम और सोने-चांदी के जेवर अपने कब्जे में कर लिए. ठगी की रकम और जेवरों की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है.

मामले की शुरुआत मोहल्ले की एक परिचित महिला के जरिए हुई. शिकायतकर्ता पुरुषोत्तम शर्मा के मुताबिक, उनकी पत्नी राजेश्वरी शर्मा की पहचान गौरी सिंह के माध्यम से आशा यादव से हुई थी. आशा ने अपने भाई मुकेश यादव को तंत्र-मंत्र करने वाला बताते हुए गृहशांति और परिवार की समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया. उस समय उनका बेटा विवेक परिवार से अलग रह रहा था. मां चाहती थीं कि बेटा फिर से परिवार के करीब आ जाए. इसी कमजोरी को कथित आरोपियों ने अपना हथियार बनाया. तंत्र-मंत्र से बेटे को वश में करने और परिवार की परेशानियां खत्म करने का दावा कर आरोपियों ने महिला से रुपये और जेवर लेना शुरू कर दिया.

फोन-पे से 7.16 लाख, घर से 12.54 लाख और 625 ग्राम सोना लिया

शिकायत के अनुसार, 25 मई 2025 को सबसे पहले आशा यादव के खाते में 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए. इसके बाद अलग-अलग किस्तों में फोन-पे के जरिए करीब 7 लाख 16 हजार रुपये दिए गए. वहीं घर में रखी नकदी में से लगभग 12 लाख 54 हजार रुपये भी आरोपियों को सौंप दिए गए.

इतना ही नहीं, महिला से करीब 625 ग्राम सोने के जेवर और 500 ग्राम चांदी भी ले ली गई. इस तरह तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर परिवार की बड़ी संपत्ति आरोपियों तक पहुंच गई. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेवर और नकदी का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया.

इस पूरे मामले में नया मोड़ 29 सितंबर 2026 को आया, जब बिट्टन मार्केट स्थित जेपी ज्वेलर्स के संचालक राम पंजवानी ने पुरुषोत्तम शर्मा को फोन किया. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी राजेश्वरी शर्मा, आशा यादव को लेकर दुकान पहुंची थीं.

दुकानदार के मुताबिक, आशा ने करीब पांच महीने पहले लगभग 17 लाख रुपये का सोना खरीदा था. इसमें पांच लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि बाकी रकम के लिए चेक दिया गया था. चेक का भुगतान नहीं होने पर दुकानदार ने राजेश्वरी को पहले भी संदेश भेजे थे. जब पुरुषोत्तम शर्मा ने पत्नी से पूछताछ की तो तंत्र-मंत्र के नाम पर रुपये और जेवर देने का पूरा मामला सामने आ गया.

शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने पुरुषोत्तम शर्मा, उनकी पत्नी और दोनों बेटों के बयान दर्ज किए. जांच के दौरान राजेश्वरी शर्मा ने करीब 10 करोड़ रुपये के आठ चेक, एक खाली चेक और छह अलग-अलग एटीएम जैसे कार्ड पुलिस के सामने पेश किए. पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया. जांच में आशा यादव और उसके भाई मुकेश यादव की भूमिका सामने आने के बाद धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के तहत बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) में मामला दर्ज किया गया.

क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हड़पे गए सोने के कुछ जेवर गोल्ड लोन के लिए बैंकों में गिरवी रख दिए थे. मुख्य आरोपी आशा यादव के पति हरीश कुमार और उसके साथी श्यान की भूमिका भी सामने आई. पुलिस ने संबंधित बैंकों में जेवरों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की है, ताकि उन्हें आगे बेचा या हटाया न जा सके. आशा यादव की निशानदेही पर पुलिस ने 11 ग्राम सोना भी बरामद किया है.

क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर जितेंद्र गढ़वाल के मुताबिक, साकेत नगर निवासी पुरुषोत्तम शर्मा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें आशा यादव, उसका पति हरीश कुमार और उनका साथी श्यान शामिल हैं. मामले में आशा के भाई मुकेश यादव की तलाश की जा रही है. देखें VIDEO:- 

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गृहशांति और तंत्र-मंत्र के नाम पर परिवार से 625 ग्राम सोना, आधा किलो चांदी और लाखों रुपये की नकदी हासिल की. गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे खेल में और कौन-कौन शामिल था तथा हड़पी गई संपत्ति कहां रखी गई है.

Original Source
https://www.aajtak.in/madhya-pradesh/story/bhopal-crime-branch-probes-rs-1-crore-tantric-fraud-manipulating-family-for-money-and-precious-metals-lcln-strc-2685129-2026-10-31?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World